@शब्द दूत ब्यूरो (14 सितंबर, 2021)
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के सोमवार को किए ट्वीट के बाद चर्चाओं का बाजार अब भी थमा नहीं है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगला कांग्रेसी कौन!
इधर, बलूनी ने ट्वीट किया उधर ये खबर उड़ी कि किशोर उपाध्याय भाजपा जॉइन करने वाले हैं। हालांकि, बाद में किशोर ने इस बात का खंडन भी कर दिया कि वे भाजपा में जा रहे हैं। लेकिन अभी भी भाजपा के सूत्र किशोर के भाजपा में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं।
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के पीछे हरिद्वार में दिया गया वह बयान है, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनके साथ न्याय नहीं हुआ। राज्यसभा भेजने से लेकर मंत्री बनाने तक, उनकी उपेक्षा हुई। उनके इस बयान को उनकी नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।
चुनावी दौर में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै की भी भाजपा में जाने की चर्चा है। धनै 2017 में टिहरी विधानसभा सीट से चुनाव हारे थे। किशोर भी टिहरी सीट से दावेदारी कर रहे हैं। इस सीट पर भाजपा के धन सिंह नेगी विधायक हैं।
फिलहाल भाजपा की कांग्रेस के कुछ और नेताओं पर नजर है। पार्टी ने दो विधायकों को अपने पाले में लाकर कांग्रेसी खेमे में हलचल मचा रखी है। कुछ पूर्व विधायकों के भी पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने बाहर से आने वाले लोगों के लिए पूरी तरह से दरवाजे खोल दिए गए हैं।