@शब्द दूत ब्यूरो (13 अप्रैल 2026)
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में निजी कंपनियों के कर्मचारियों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर किया जा रहा प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-60 समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कर्मचारी वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। शुरुआत में शांतिपूर्ण प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी।
प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों में आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात किया और हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी, तय कार्य समय, ओवरटाइम भुगतान और श्रम कानूनों के पालन जैसी मांगें उठा रहे थे। इन मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से आंदोलन जारी था, जो सोमवार को हिंसक रूप ले बैठा।
हिंसक प्रदर्शन के चलते दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सहित कई मार्गों पर भारी जाम की स्थिति भी पैदा हो गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। साथ ही उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal