भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय कार्यसमिति इन दिनों विवादों के घेरे में आ गई है। इस मामले को लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं
@शब्द दूत ब्यूरो (05 अप्रैल 2026)
मिर्जापुर। पार्टी द्वारा कटरा कोतवाली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर श्याम सिंह यादव को जिलामंत्री बनाए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस नियुक्ति से पार्टी के भीतर भी असहजता का माहौल बताया जा रहा है।
दरअसल, श्याम सिंह यादव का नाम वर्ष 2008 में हुए चर्चित हत्या कांड से जुड़ा रहा है। 22 अप्रैल 2008 को लालडिग्गी चौराहे के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी, जिसमें श्याम सिंह यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उनका नाम हिस्ट्रीशीटर की सूची में भी दर्ज बताया जाता है।
इस मामले को लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं कि गंभीर आपराधिक आरोपों से जुड़े व्यक्ति को संगठन में जिम्मेदारी क्यों दी गई। वहीं, भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए ऐसे फैसले पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हालांकि, भाजपा जिला अध्यक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि श्याम सिंह यादव को वे पिछले कई वर्षों से जानते हैं और उन पर लगाए गए आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। उनका यह भी कहना है कि यदि कोई तथ्य सामने आता है तो जांच कराई जाएगी।
वहीं, संबंधित थाना प्रभारी का कहना है कि 2008 के मामले में श्याम सिंह यादव आरोपी रहे हैं और उनका नाम हिस्ट्रीशीटर सूची में भी दर्ज है। हालांकि, वर्तमान स्थिति में मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
फिलहाल, यह मुद्दा जिले की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और आने वाले समय में इस पर और सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal