@शब्द दूत ब्यूरो (04 अप्रैल 2026)
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित चैती चौराहे के पास नई विदेशी मदिरा की दुकान खुलने को लेकर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा के नेतृत्व में छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय महिलाओं (मातृ शक्ति) ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और दुकान को तत्काल बंद करने की मांग उठाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर यह शराब की दुकान खोली गई है, वहां से रोजाना 15 से 20 हजार छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। पास ही महाविद्यालय, विद्यालय और धार्मिक स्थल मौजूद हैं, ऐसे में इस तरह की दुकान खोलना सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि वे व्यापार के विरोध में नहीं हैं, लेकिन ऐसी दुकानों को ऐसी जगह खोला जाना चाहिए जहां छात्रों और धार्मिक वातावरण पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
जतिन शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा था। उनका आरोप है कि उस दौरान काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री के सामने ही आश्वासन दिया था कि यह शराब की दुकान नहीं खुलेगी। इसके बावजूद दुकान का संचालन शुरू कर दिया गया, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भारी रोष है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी इस फैसले का कड़ा विरोध किया। उनका कहना था कि जिस रास्ते से बेटियां स्कूल और कॉलेज जाती हैं, वहां शराब की दुकान खुलना असुरक्षा और गलत माहौल को बढ़ावा देगा। महिलाओं ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
विरोध के दौरान आबकारी विभाग और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकान को नियमों के तहत लाइसेंस जारी किया गया है और दूरी संबंधी मानकों का पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिखित शिकायत दे सकता है, जिस पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के इस जवाब से असंतोष जताया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दुकान को बंद नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष ने यहां तक कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन करेंगे और जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal