@शब्द दूत ब्यूरो (03 अप्रैल 2026)
काशीपुर। लंबे समय से खराब हालत में पड़ी रामनगर रोड के अब “अच्छे दिन” आने वाले हैं। काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि काशीपुर-रामनगर रोड (किमी 0 से 24) के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
महापौर ने बताया कि करीब 16 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए शासनादेश (जीओ) जारी हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना का श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए कहा कि उनकी तत्परता और केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से समन्वय के चलते यह स्वीकृति मिल सकी है। महापौर ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से काशीपुर की बड़ी समस्या बनी हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है।
फोरलेन परियोजना भी जारी प्रक्रिया में
महापौर ने स्पष्ट किया कि रामनगर रोड को फोरलेन बनाने की योजना भी जारी है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि फोरलेन निर्माण में दो से ढाई साल का समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल टू-लेन सड़क बनाना जरूरी है ताकि जनता को तुरंत राहत मिल सके।
रेलवे ओवरब्रिज पर भी प्रगति
रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के संबंध में महापौर ने बताया कि इसकी प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।
रोडवेज और आईएसबीटी पर भी ध्यान
प्रेस वार्ता के दौरान रोडवेज बस अड्डे की खराब स्थिति और पानी की समस्या का मुद्दा उठाया गया, जिस पर महापौर ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नए आईएसबीटी के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड क्षेत्र में जमीन चिन्हित किए जाने की जानकारी दी।
अतिक्रमण और तहबाजारी पर स्पष्टीकरण
चैती मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा निर्धारित तहबाजारी शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 24 फीट तक ₹50, 48 फीट तक ₹75 और उससे अधिक पर ₹150 शुल्क तय है। यदि कहीं गलत वसूली की शिकायत मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने अंत में कहा कि काशीपुर के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में शहरवासियों को बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal