@शब्द दूत ब्यूरो (11 मार्च 2026)
काशीपुर। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ता इन दिनों काफी परेशान हैं। गैस की बुकिंग न हो पाने और समय पर सिलेंडर उपलब्ध न होने से नाराज लोगों ने बुधवार को काशीपुर गैस सर्विस कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और अपनी नाराजगी जाहिर की।
गैस एजेंसी पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सर्वर समस्या के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। कुछ लोगों ने बताया कि चार-चार दिन से लगातार प्रयास करने के बावजूद उनकी बुकिंग नहीं हो सकी, जिसके चलते घरों में चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। किराये के मकानों में रहने वाले लोगों का कहना था कि उनके पास केवल एक ही सिलेंडर है और वह भी खत्म हो चुका है, जिससे परिवार के सामने भोजन बनाने की समस्या खड़ी हो गई है।
वहीं गैस एजेंसी के होम डिलीवरी ठेकेदार गुलशन बाली ने बताया कि इस समय गैस की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं आ पा रही है। सामान्य तौर पर एजेंसी को प्रतिदिन दो गाड़ियों में सिलेंडर मिलते हैं, लेकिन फिलहाल केवल एक ही गाड़ी आ रही है, जिससे मांग के मुकाबले आपूर्ति कम हो रही है। इसके अलावा जियो नेटवर्क के सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण भी कई उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो चुकी है, उन्हें तारीख के अनुसार ही सिलेंडर दिया जा रहा है। पहले पुरानी पर्चियों और पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को गैस दी जा रही है। बुकिंग होने के लगभग एक सप्ताह बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि यदि मोबाइल से बुकिंग में समस्या आ रही है तो वे ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म जैसे गूगल पे या फोनपे के माध्यम से भी बुकिंग कर सकते हैं।
हालांकि गैस की कमी और बुकिंग में आ रही परेशानी के चलते उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी बढ़ रही है और लोग जल्द आपूर्ति सामान्य होने की मांग कर रहे हैं। उपभोक्ताओं से शब्द दूत की भी अपील है कि धैर्य बनाए रखें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal