@शब्द दूत ब्यूरो (10 मार्च 2026)
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर भी दिखाई देने लगा है। गैस सप्लाई में कमी के चलते काशीपुर में भी उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के गैस एजेंसियों पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सप्लाई कम होने के कारण समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे कई परिवारों को इंतजार करना पड़ रहा है। काशीपुर गैस सर्विस सहित अन्य एजेंसियों पर लोग लगातार जानकारी लेने और बुकिंग की स्थिति जानने पहुंच रहे हैं।
काशीपुर गैस सर्विस के प्रबंधक अमित मनराल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सप्लाई चेन पर पड़ रहे प्रभाव के कारण गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पहले की तुलना में कम हो रही है। इसके चलते एजेंसियों को सीमित मात्रा में ही सिलेंडर मिल पा रहे हैं, जिससे वितरण में देरी हो रही है। हालांकि इस स्थिति को देखते हुए गैस बुकिंग में कुछ परिवर्तन किया गया है। गैस सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दोबारा बुकिंग 25 दिन बाद की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि शहर में अन्य गैस एजेंसियों भी हैं। काशीपुर गैस सर्विस में लगभग 25 हजार उपभोक्ता हैं। वहीं गैस सिलेंडर की सप्लाई में कमी के चलते कुछ दिक्कतें आ रही है। पहले प्रतिदिन तीन ट्रक जिनमें अनुमानतः 1000 सिलेंडर की सप्लाई थी वहाँ अब केवल एक ही ट्रक सप्लाई आ रही है। जिस वजह से उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कम आपूर्ति हो पा रही है।
कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि समय पर सिलेंडर न मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई लोगों को मजबूरन वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
गैस एजेंसी प्रबंधक अमित मनराल का कहना है कि जैसे ही पर्याप्त मात्रा में सप्लाई मिलेगी, उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उच्च स्तर पर संपर्क जारी है। फिलहाल उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal