@शब्द दूत ब्यूरो (09 मार्च 2026)
काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर काशीपुर में अधिवक्ता परिषद द्वारा “अधिवक्ता संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “महिला सशक्तिकरण में न्यायालय एवं अधिवक्ताओं की भूमिका” रखा गया, जिसमें न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) पूनम टोडी, प्रथम अपर सिविल जज दीप्ति पंत, द्वितीय अपर सिविल जज आयशा परवीन तथा तृतीय अपर सिविल जज सृष्टि बनियाल उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने में न्यायालय और अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता मंजू सक्सेना ने की। मंच पर कार्यकारिणी सदस्य प्रीति कश्यप, नर्गिस और प्रीति शर्मा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता परिषद काशीपुर के महामंत्री अमिताभ सक्सेना (एडवोकेट) ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए विधिक जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिवक्ताओं से समाज में कानूनी जानकारी फैलाने और जरूरतमंद महिलाओं को उचित मार्गदर्शन देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, विभिन्न कानूनी प्रावधानों और न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। महिला अधिवक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अधिवक्ता समाज में महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं।
अधिवक्ता परिषद काशीपुर के अध्यक्ष आनंद रस्तोगी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण के लिए विधिक जागरूकता बढ़ाने, न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने और अधिवक्ताओं की संवेदनशील भूमिका को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर महिला अधिवक्ता गोमती चौहान, सावित्री, ममता, कामिनी श्रीवास्तव, चेतना सिंह, सहाना, नीलू रानी, नीरू उपाध्याय, रूपा माटा, पूनम वर्मा, पूनम शर्मा, शालिनी मिश्रा, सावित्री शर्मा, गौरांशी रस्तोगी, पूनम नेगी, आसमा अंसारी, रूही अंसारी सहित अधिवक्ता परिषद काशीपुर के कोषाध्यक्ष समर्थ विक्रम सिंघल, सुशील चौधरी, विवेक शर्मा, अचल वर्मा, दुष्यंत चौहान, बी.सी. नौटियाल आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal