@शब्द दूत ब्यूरो (08 मार्च 2026)
हरिद्वार। नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत केंद्र और उत्तराखंड सरकार ने राज्य के 162 हिंदू शरणार्थियों को भारत की नागरिकता प्रदान की है। हरिद्वार में आयोजित जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं इन परिवारों को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के कारण वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों का सपना साकार हो पाया है।
वर्षों के संघर्ष के बाद मिला अधिकार
उत्तराखंड में करीब 200 हिंदू शरणार्थी पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आकर बसे हुए हैं। लंबे समय से वे भारतीय नागरिकता की प्रतीक्षा कर रहे थे। इन परिवारों ने पड़ोसी देशों में धार्मिक प्रताड़ना झेली और सुरक्षा व सम्मान की तलाश में भारत की शरण ली।
सीमा जागरण मंच ने निभाई अहम भूमिका
इन शरणार्थी परिवारों की नागरिकता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सीमा जागरण मंच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच के प्रमुख रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल और उनकी टीम ने इन परिवारों के आवेदन फार्म भरवाए, आवश्यक दस्तावेज जुटाए और राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाए।
कर्नल कोठियाल ने बताया कि हरिद्वार में जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए इन परिवारों को नागरिकता प्रमाण पत्र दिए गए, तो वह पल बेहद भावुक और ऐतिहासिक था।
मंच से दिया गया मजबूत संदेश
कार्यक्रम के दौरान शैलेश (बलूचिस्तान स्थित सिद्धपीठ हिंगलाज माता के पुजारी), जसपाल कुमार (पाकिस्तान के भट्टाग्राम से), श्रीमती दुर्गानाथ टी. राजपूत (कराची, पाकिस्तान) और श्रीमती हंसेरी बाई (अफगानिस्तान) सहित कई पीड़ित परिवारों को मंच पर नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर यह संदेश भी दिया गया कि भारत में आए इन हिंदू परिवारों को शरणार्थी नहीं, बल्कि भारत का नागरिक माना जाएगा।
ऐतिहासिक कदम बताया
कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि नए नागरिकता कानून के तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर भारत आए लोगों को नागरिकता दिलाने के लिए उत्तराखंड सरकार के प्रयास ऐतिहासिक हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देहरादून में कार्यालय खोलकर शरणार्थियों की नागरिकता के लिए प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
कर्नल कोठियाल के अनुसार यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन से संभव हो पाई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal