@शब्द दूत ब्यूरो (27 सितंबर 2025)
नई दिल्ली । देशभर में चार महीने तक सक्रिय रहने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ चला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 26 सितंबर तक मानसून उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों से पूरी तरह पीछे हट चुका है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताज़ा मानचित्र के मुताबिक राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है।
सामान्यत: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी 17 सितंबर से शुरू होती है और 15 अक्टूबर तक पूरे देश से हट जाती है। इस वर्ष मानसून की वापसी लगभग सामान्य समय पर ही दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 20 से 26 सितंबर के बीच मानसून की वापसी की रेखा पश्चिमोत्तर भारत से आगे बढ़कर मध्यप्रदेश और गुजरात तक पहुंच गई है।
मानसून की विदाई के साथ ही देश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर थम गया है और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगी है। वहीं, पूर्वी भारत, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अभी कुछ समय तक आंशिक वर्षा बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 5 अक्टूबर तक मानसून मध्य भारत और पूर्वी तटीय क्षेत्रों से हट जाएगा जबकि 10 से 15 अक्टूबर के बीच इसकी पूरी तरह विदाई हो जाएगी। मानसून की वापसी के बाद अब देश में त्योहारी मौसम के साथ शरद ऋतु की शुरुआत मानी जाती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal