Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य विकास के लिए मांगा मार्गदर्शन और सहयोग, 27 देशों से सम्मानित होने पर दी पीएम को बधाई

@शब्द दूत ब्यूरो (14 जुलाई 2025)

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन और सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अब तक मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकसित भारत 2047 की परिकल्पना में प्रभावी भूमिका निभाने को तैयार है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को विश्व के 27 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी और कहा कि प्रत्येक भारतीय को इस पर गर्व है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को कार्तिक स्वामी मंदिर की प्रतिकृति, आदि कैलाश यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक, और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों जैसे धारचूला का घी, पुरोला का लाल चावल, बासमती चावल, काला जीरा, गंधरायण और जम्बू जैसी जड़ी-बूटियाँ तथा स्थानीय शहद भेंट किया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से हरिद्वार और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर तथा चंपावत में शारदा कॉरिडोर के लिए केदारनाथ व बदरीनाथ धामों की तर्ज पर मास्टर प्लान के अंतर्गत आधारभूत ढांचे के विकास हेतु संबंधित विभागों को निर्देश देने का अनुरोध किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को CSR फंड से वित्तपोषित करने का सुझाव भी दिया।

धामी ने उधम सिंह नगर के नेपा फार्म को सेमीकंडक्टर उद्योगों के माध्यम से सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने, दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस को हरिद्वार तक विस्तारित करने और टनकपुर-बागेश्वर व ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजनाओं में मार्ग निर्माण को शामिल करने हेतु संबंधित मंत्रालयों को निर्देश देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 2026 में प्रस्तावित नंदा राजजात यात्रा की जानकारी दी और इसके सफल आयोजन के लिए पर्यावरणीय दृष्टिकोण से अनुकूल आधारभूत ढांचा विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अगस्त 2026 में प्रस्तावित इस भव्य हिमालयी यात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण देते हुए केंद्र से ₹400 करोड़ की आर्थिक सहायता की मांग की।

साथ ही, मुख्यमंत्री ने 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों की जानकारी देते हुए ₹3,500 करोड़ की सहायता की मांग की। उन्होंने पुलों की मरम्मत, पार्किंग, बिजली, पेयजल, शौचालय, परिवहन और श्रद्धालुओं के लिए पैदल पथ निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने आरडीएसएस योजना के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार में हाईटेंशन व लो टेंशन विद्युत लाइनों को भूमिगत करने तथा विद्युत तंत्र को स्वचालित बनाने हेतु ₹1,015 करोड़ की डीपीआर को स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया।

उन्होंने ऋषिकेश के पास स्थित ऐतिहासिक ‘चौरासी कुटिया’ धरोहर को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी और इस प्रस्ताव को नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ से स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को पिंडर-कोसी लिंक परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि हिमनदीय पिंडर नदी को वर्षा आधारित कोसी, गगास, गोमती और गरुड़ नदियों से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार है। इससे बागेश्वर, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के 625 गांवों के करीब 2 लाख लोगों को पेयजल और सिंचाई का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस परियोजना को केंद्र सरकार की विशेष योजना में सम्मिलित करने का अनुरोध किया।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के अनुरूप 596 मेगावाट क्षमता की पांच जलविद्युत परियोजनाओं के विकास को स्वीकृति देने की मांग की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, नंदा राजजात, आगामी महाकुंभ और राज्य में जल जीवन मिशन की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

 

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

‘पहचान से नागरिकता तक’: हरिद्वार में 162 हिंदू शरणार्थियों को मिली भारतीय नागरिकता, कर्नल अजय कोठियाल रहे ऐतिहासिक क्षण के गवाह

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (08 मार्च 2026) हरिद्वार। नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-