@शब्द दूत ब्यूरो (26 जून 2025)
नयी दिल्ली। दुनियाभर में करीब 16 अरब पासवर्ड लीक होने की सनसनीखेज घटना के बाद भारत की प्रमुख साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम) ने तत्काल चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने सोशल मीडिया, ईमेल और बैंकिंग खातों के पासवर्ड तुरंत बदलें और अपनी साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाएं।
CERT-In की ओर से जारी नई गाइडलाइन में उपयोगकर्ताओं को यह सलाह दी गई है कि वे अपने सभी डिवाइस को अपडेटेड रखें,दो-स्तरीय प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication) को सक्रिय करें,किसी भी संदिग्ध लिंक, ईमेल या मोबाइल ऐप से सतर्क रहें और उन्हें क्लिक करने से बचें।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बड़े पैमाने पर हुए डेटा लीक में भारत के उपयोगकर्ताओं की जानकारी भी शामिल हो सकती है, जिससे आर्थिक और व्यक्तिगत डेटा के दुरुपयोग का खतरा बढ़ गया है।
CERT-In ने उपयोगकर्ताओं से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि साइबर सुरक्षा सिर्फ सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर यूज़र की साझा जिम्मेदारी है। पासवर्ड को नियमित अंतराल पर बदलना, मजबूत पासवर्ड बनाना और निजी जानकारी को गोपनीय रखना, आज के डिजिटल युग में बेहद जरूरी हो गया है।
साइबर सुरक्षा को लेकर यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब देश में डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग और सोशल मीडिया का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यह लीक आम जनता से लेकर बड़े कॉरपोरेट और सरकारी संस्थानों के लिए भी खतरे की घंटी साबित हो सकती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal