@शब्द दूत ब्यूरो (06 जून 2025)
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित एक होटल के सभागार में केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के मकसद से तथा उक्त कार्यक्रमों के सफलतम संचालन की रणनीति तैयार करने के मकसद से भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश के संगठन के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के काशीपुर जिला कार्यकारिणी के सभी मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किए गए दो माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मंच से अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने आगामी दो माह में पार्टी के द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 गौरवपूर्ण वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियां को जनता तक पहुंचाने के लिए 9 जून से 21 जून तक देशव्यापी अभियान को लेकर व्यापक चर्चा की। उन्होंने इस दौरान कश्मीर से 5 अगस्त 2019 को धारा 370 तथा 35 ए के अलावा 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के शिलान्यास से लेकर कुछ दिन पूर्व आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन से इंदौर तक की चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरह से नरेंद्र मोदी सरकार ने हर मोर्चे पर जो निर्णय लिए हैं उसका लोहा पूरे विश्व ने माना है।
मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब भाजपा सरकार बनी थी तब नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह गरीबों की सरकार है असहायों की सरकार है, यह मजदूर की सरकार है, यह है शोषित वर्ग की सरकार है। उसी को केंद्र बिंदु बनाते हुए जो कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के द्वारा किए गए उसी का ही परिणाम है कि आज देश की नरेंद्र मोदी सरकार ने सफलतम 11 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। पूरे देश भर में यह अभियान हमारे द्वारा चलाए जा रहा है कि हम घर-घर जाए तथा देश के हित में केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं। आगामी दिनों के कार्यक्रमों के बारे में उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मोहल्ला चौपाल तथा पंचायत चौपाल का आयोजन किया जाएगा तथा घर घर जाकर सरकार की योजनाओं के संबंध में साहित्य का वितरण किया जाएगा।
भाजपा नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार का कार्यकाल जिस तरह का रहा है वह ऐतिहासिक ही नहीं बल्कि देशवासियों के लिए गौरवपूर्ण रहा है। 2014 से पूर्व की जो सरकार थी आजादी के बाद से 75 वर्ष तक किस तरह का भ्रष्टाचार था, देश के प्रधानमंत्री ने बहुत ही पारदर्शिता के साथ उसे समाप्त करते हुए इस सरकार को चलाया है, इस भारतवर्ष ही नहीं बल्कि विश्व भर के लोग उनका लोहा मानते हैं। पूरे विश्व में उनकी ख्याति व्याप्त है जिसका गौरव प्रत्येक देशवासी करता है। इसलिए हम चौपाल के माध्यम लगाकर घर-घर जाने वाले हैं और 11 वर्ष के कार्यों को जनता को बताने वाले हैं। हम यह कार्यक्रम बूथ स्तर पर और शक्ति केंद्रों पर भी करने वाले हैं। पूरे देश भर में 2 लाख शक्ति केंद्रों पर हम अपनी बात रखते हुए 2 करोड लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचने वाले हैं।
भारतीय जनता पार्टी के काशीपुर जिले के जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि आज होने वाली कार्यशाला में मोदी सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जो कार्यक्रम तय किए गए हैं, उन कार्यक्रमों को मंडल स्तर और बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक आयोजित करना है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रमों की रूपरेखा को भी विस्तार से मीडिया के समक्ष रखा।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व मेयर श्रीमती ऊषा चौधरी, प्रदेश मंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
