@शब्द दूत ब्यूरो (28 नवंबर 2024)
दिल्ली। यहाँ बिजवासन इलाके में साइबर फ्रॉड के मामले में छापा मारने गई ईडी की टीम पर हमला हुआ है। आज सुबह ईडी की टीम छापेमारी के लिए गयी थी हालांकि इस हमले में ईडी की टीम के सदस्यों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
जो जानकारी आ रही है उसके अनुसार ईडी की टीम पीपीपीवाईएल साइबर एप फ्रॉड केस के संबंध में आरोपी अशोक शर्मा और उसके भाई के ठिकाने पर छापेमारी करने गई थी। इस मामले एक एफआईआर दर्ज किया गया है और मामला अभी काबू में है।
ईडी सूत्रों ने बताया कि वे पीपीपीवाईएल साइबर एप फ्रॉड मामले की जांच में अपराधियों पर छापेमारी करने गए थे। हालांकि, इस दौरान साइबर अपराधियों अशोक शर्मा और उसके भाई ने टीम के सदस्यों पर हमला कर दिया।
मामले में दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि जब अधिकारी छापेमारी कर रहे थे, तभी उनपर हमला हो गया। ईडी सूत्रों ने बताया कि जिस केस में ईडी की टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी, उसमें देश भर में फिशिंग स्कैम, क्यूआर कोड धोखाधड़ी, पार्ट टाइम जॉब स्कैम जैसे हजारों साइबर अपराध दर्ज किए गए हैं।
ईडी सूत्रों ने बताया कि i4C और FIU-IND की मदद से, हजारों रिपोर्ट किए गए अपराध मामलों का विश्लेषण किया गया। पाया गया कि अपराध के पैसे को 15000 अलग-अलग खातों में डाला जा रहा था. फिर डेबिट/क्रेडिट कार्ड प्राप्त किए गए। एजेंसी सूत्र का कहना है कि इन कार्डों का इस्तेमाल करके, यूएई स्थित Pyypl पेमेंट एग्रीगेटर पर वर्चुअल खातों को टॉप अप करने के लिए पैसे भेजे गए। फिर Pyypl से क्रिप्टो-करेंसी खरीदने के लिए फंड का इस्तेमाल किया गया।
एजेंसी सूत्र के मुताबिक, पूरा नेटवर्क संदिग्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा चलाया जा रहा था। आज आरोपी चार्टर्ड एकाउंटेंट की तलाशी ली गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal