@शब्द दूत ब्यूरो (07 सितंबर 2024)
जागेश्वर धाम (अल्मोड़ा)। पीलीभीत से आये कुछ युवकों व युवतियों ने बीती देर शाम विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम मंदिर में जबरन घुसने का प्रयास करते हुए सुरक्षा कर्मियों व पुजारियों से हाथापाई की। इस दौरान वह खुद को शिव का रूप बताते हुए वहां मौजूद लोगों को शाप देने लगे।
जानकारी के अनुसार बीती शाम साढ़े सात बजे मन्दिर बंद होने के बाद पीलीभीत से आये कुछ युवक व युवती जबरन मंदिर में घुसने लगे। अपने साथ एक कुत्ते को भी वह मंदिर में ले जाने लगे। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों व पुजारियों ने जब उन्हें रोका तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। एक युवती मंदिर के गेट पर चढ़ गई और वहां से खड़े होकर कहने लगी वह शिव का रूप है और शिव को शिव के मंदिर में जाने से रोकने वाले एक एक की मृत्यु करवा देंगे।
मंदिर की यह परंपरा है कि आरती के बाद मुख्य द्वार खोला नहीं जाता है और किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में दर्शन नहीं कराए जाते। जब सुरक्षा कर्मियों और पुजारियों ने गेट खोलने से मना किया तो वह लोग हंगामा करने लगे। इस बीच दोनों पक्षाें में नोंकझोंक हुई। मौके पर सभी पुजारी और व्यापारी भी एकत्र हो गए। बाहर से आए लोगों ने मुख्य द्वार पर चढ़कर भी हंगामा किया।
सूचना मिलने पर दन्या थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षाें को समझा बुझाकर शांत कराया। काफी देर के गतिरोध के बाद श्रद्धालु लौटे तो मामला शांत हो पाया। मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योत्सना ने बताया कि श्रद्धालुओं ले जबरन मंदिर में घुसने की। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि मामला सुलझ गया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

