@शब्द दूत ब्यूरो (16 जुलाई 2024)
एक दुखद खबर जम्मू-कश्मीर से आ रही है। बीती देर रात आतंकियों से चली मुठभेड़ में घायल एक अधिकारी समेत चार सैन्य कर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई। चारों शहीद जवानों की मौत आज तड़के अस्पताल में हुई।
पूरे घटनाक्रम के अनुसार सोमवार शाम को हुए एनकाउंटर में ये चारों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने रात करीब पौने आठ बजे देसा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरबागी में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। उन्होंने बताया कि 20 मिनट से अधिक समय तक चली गोलीबारी में एक अधिकारी सहित चार सैन्यकर्मी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।
आतंकियों के साथ मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने जम्मू-डोडा हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था। गोलीबारी के बाद इलाके में और सुरक्षाकर्मी भेजे गए हैं। सेना की 16वीं कोर, जिसे व्हाइट नाइट कोर के नाम से भी जाना जाता है उसने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिक भेजे गए हैं, अभियान जारी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार,आतंकवादी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने डोडा क्षेत्र में हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दें, यह संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है। कठुआ में सेना के काफिले पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी इसी आतंकी संगठन ने ही ली थी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

