@शब्द दूत ब्यूरो (27 अप्रैल 2024)
अल्मोड़ा। गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश के जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। हालांकि वनाग्नि की सूचना मिलते ही वन विभाग के दल त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर आग बुझाने का काम कर रहे हैं।
अल्मोड़ा जिले के जंगलों में भी इन दिनों भीषण आग लगी हुई है। आग से वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। जंगलों में लगी आग कई स्थानों पर आबादी की ओर भी बढ़ रही है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अल्मोड़ा फायर स्टेशन में तैनात महिला फायर दल और अग्निशमन दल आबादी की ओर बढ़ रही आग को बुझाने में जुटे हुए हैं।
ज़िला अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि जनवरी से अब तक 71 आग की घटनाएं हो चुकी हैं। अप्रैल माह में 33 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि आग को किसी भी तरह से आबादी की ओर बढ़ने से रोकना है, जिसके लिए महिला टीम को तैनात किया गया है।
उत्तराखंड में पहली बार महिला फायर यूनिट का गठन हुआ है। अल्मोड़ा फायर स्टेशन में 19 महिला फायर फाइटर नियुक्त की गई है। लीडिंग फायर फाइटर लेडी कल्पना बिष्ट ने कहा कि वह आगजनी की घटनाओं को बुझाने में तत्परता से जुटी हैं। उनका कहना है कि उनकी पूरी टीम लगातार आग की घटनाओं पर नजर बनाए हुए है। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal