@शब्द दूत ब्यूरो (14 अप्रैल 2024)
हरिद्वार। कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत के समर्थन में उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज धर्मपुर में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें जिताने की अपील की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में हरीश रावत सरकार द्वारा जितने विकास कार्य हुए वह आज भी हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2004 का अर्ध कुंभ इसका उदाहरण है जिसके दर्जनों स्थाई विकास कार्य आम जनता के लिए न केवल अभी तक कार्य कर रहे हैं बल्कि दशकों दशकों तक उनकी सुविधा जनता को प्राप्त होती रहेगी। जबकि भाजपा सरकार के 2010 के कुंभ के दौरान 600 करोड़ से भी अधिक धन कुंभ के नाम पर हरिद्वार में आया लेकिन भाजपा नेता आज तक भी यह बताने की स्थिति में नहीं है कि कौन सा ऐसा विकास कार्य उन्होंने कुंभ निधि से कराया जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आनंद रावत ने कहा कि भाजपा के झूठे जुमलो और प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, राज्य के युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी से तंग आकर इस बार हरिद्वार में भारी मतों से जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने जा रही है और भाजपा को सबक सिखायेगी। उन्होंने मतदाताओं से घर घर जाकर कांग्रेस को जिताने की अपील की।
युवा कांग्रेस नेता शिवम शर्मा ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत को जनता का भारी जनसमर्थन मिल रहा है। मौजूदा भाजपा सरकार से जनता पूरी तरह आजिज आ चुकी है। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत का जीतना तय है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal