@विनोद भगत
काशीपुर। शहर के भाजपा नेता के निवास पर ईडी के छापे के बाद पूरे सूबे में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपा नेता अमित सिंह के भाजपा के दिग्गजों से संबंधों को भी खंगाला जा रहा है। इस दौरान अमित सिंह द्वारा बड़े भाजपा नेता को दिये गये महंगे उपहार की चर्चा भी जोरों पर है। मूल रूप से पूर्वांचल के निवासी भाजपा नेता अमित सिंह पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत से करीबी के चलते कुछ ही साल में अकूत संपत्ति अर्जित कर ली।
बताया जा रहा है कि अमित सिंह के आवास से ईडी को बेशुमार संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। भाजपा संगठन ने भले ही उन्हें पदमुक्त कर दिया है पर अब अमित के सियासी दिग्गजों के साथ लेन-देन की चर्चाएं भी तेज हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि अमित ने ये बेशुमार संपत्ति वन विभाग में अपने कारनामों से हासिल की है। इसी संपत्ति की वजह से कई दिग्गजों से उनके गहरे ताल्लुकात भी बन गए हैं। सत्ता में पकड़ से चलते ये लोग उनकी मदद भी करते रहे हैं। ईडी ने अभी अपना खाता नहीं खोला है। लेकिन घर में मिले अवैध कारतूसों की वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
तराई क्षेत्र में चर्चा है कि अमित की गिरफ्तारी से कई दिग्गजों की पेशानी पर बल पड़ गए हैं। ये दिग्गज अमित से कई तरह की मदद लेते रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक जिले के नेता को अमित ने कुछ समय पहले ही एक इनोवा कार गिफ्ट की थी। इसके अलावा एक अन्य दिग्गज को एक शहर के एक मॉल में हिस्सेदारी भी अमित ने ही दी थी। इसके अलावा भी अन्य दिग्गज अमित से उपकृत होते रहे हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या ईडी के हाथ अमित की मदद करने वाले इन सफेदपोश दिग्गजों तक भी पहुंच पाएंगे। या फिर खुद को फंसा देखकर अमित खुद ही इन दिग्गजों के चेहरों को बेनकाब कर देगा। यह मामला एक अहम सियासी दल के गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal