@शब्द दूत ब्यूरो (08 फरवरी, 2024)
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नौ से ग्यारह फरवरी तक चलने वाले ‘गांव चलो अभियान’ को लेकर मुख्यमंत्री समेत सरकार में मंत्रियों एवं पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर धामी लोहाघाट विधानसभा के कमलेडी गांव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बदरीनाथ विधानसभा के पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे।
कुल 29 पार्टी पदाधिकारियों की प्रवास के गांव तय किए गए हैं। जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट नानकमत्ता के पीपलिया पिस्तोर गांव में प्रवास करेंगे। जबकि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज हरिद्वार ग्रामीण के जमालपुर कला में, प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश के प्रतीनगर में और डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर के पल्ली में प्रवास करेंगे।
राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मसूरी के गुनियाल में, रेखा आर्य सोमेश्वर के सुपा कोट गांव में प्रवास करेंगे। इसके अलावा बिशन सिंह चुफाल डीडीहाट के बलपीर में, बंशीधर भगत कालाढुंगी के नारायणनगर में, मदन कौशिक हरिद्वार में, रमेश पोखरियाल निशंक ज्वालापुर की डालूवाला में प्रवास करेंगे। जबकि सांसद अजय टम्टा अल्मोड़ा के रेलापानी में, नरेश बंसल भगवानपुर के सिकरौड़ा में, डॉ. कल्पना सैनी पिरान कलियर के ब्रह्मपुर गांव में प्रवास करेंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
