@शब्द दूत ब्यूरो (13 दिसंबर 2023)
नयी दिल्ली। संसद में कूदते ही उसने कुछ निकाला और धुआं फैलने लगा। एक भाजपा सांसद का मेहमान था आरोपी। कुल तीन लोग हिरासत में लिया गया है। धुआं साधारण था सिर्फ सनसनी फैलाने के उद्देश्य से किया गया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बाद में बताया। उन्होंने बताया कि लोकसभा के भीतर घुसे दोनों शख़्स और संसद के बाहर खड़े उनके दो साथियों को भी पकड़ लिया गया है। लोस अध्यक्ष ने कहा कि अब पुनः सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
आज जो घटनाक्रम हुआ उसके अनुसार नीले रंग की जैकेट पहना एक युवक शख्स सांसदों की सीट पर कूदने लगा। वह लगभग तीन कतार लांघकर आसन की तरफ जाने लगा। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ सांसदों ने हिम्मत दिखाकर उसे घेर लिया। मार्शल भी दौड़कर आ गए। तभी उस युवक ने जूते के अंदर से कुछ पदार्थ निकाला। इसके बाद वहां पीले रंग का धुआं उठने लगा। बाद में सांसदों और मार्शलों ने मिलकर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही स्थगित कर दी।
बताया जा रहा है कि दर्शक दीर्घा में कूदे दो शख्स में से एक मैसूर के सांसद के मेहमान के तौर पर संसद पहुंचा था। उसका नाम सागर बताया जा रहा है। बसपा से निष्कासित सांसद दानिश अली ने भी बताया कि पकड़े गए एक युवक का नाम सागर है। बता दें कि मैसूर से प्रताप सिम्हा भाजपा सांसद हैं।
उधर बसपा सांसद मलूक नागर ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनकी सीट के बगल में ही अचानक एक युवक दर्शक दीर्घा से कूद गया। इसके तुरंत बाद दूसरा युवक भी वहीं कूदा। जब सांसदों ने एक युवक को घेर लिया तो उसने जूते से कोई चीज निकाली, जिससे धुंआ उठने लगा। दोनों युवक ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ नारा लगा रहे थे।
पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल के अनुसार जब एक व्यक्ति गैलरी से कूदा तो लगा कि शायद वह नीचे गिर गया है। तभी दूसरे व्यक्ति को दर्शक दीर्घा से कूदते देखा। इनमें से एक के हाथ में कुछ था, जिसमें पीले रंग का धुआं निकल रहा था, जबकि दूसरे के हाथ में कुछ था, जिससे पिट-पिट की आवाज आ रही थी। वे कुछ नुकसान नहीं कर पाए, उन्हें तुरंत काबू में कर लिया गया। हालांकि, उनका दर्शक दीर्घा से कूदना गंभीर विषय है। यह संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक है। जांच होगी और कार्रवाई होगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
