@शब्द दूत ब्यूरो (04 नवंबर 2023)
काशीपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 40 के नागरिकों ने निगम की उपेक्षा से आजिज आकर आखिरकार खुद ही साफ सफाई का जिम्मा उठा लिया।
जी हां, वार्ड पार्षद ने भी वार्ड के नागरिकों की गुहार सुनने के बाद बजट का अभाव बताकर हाथ खड़े कर दिए तो स्थानीय कालोनी के नागरिक आगे आये और आपस में चंदा कर जेसीबी मशीन से नाले की सफाई करवाना शुरू कर दिया। आपको बता दें कि मानपुर रोड स्थित वार्ड नंबर 40 के नागरिक लंबे समय से वार्ड पार्षद तथा नगर निगम कों यहां स्थित एक बड़े नाले की सफाई को लेकर गुहार लगाई। बरसात में इस नाले की वज़ह से यहां के निवासियों का जीवन दूभर हो जाता है। नागरिकों को नगर निगम से बड़ी आशा थी कि समय रहते उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा।
वार्ड के नागरिकों का कहना है कि उन्होंने अनेक बार अपनी इस समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया किंतु नतीजा वही ढाक के तीन पात निकला। यहां तक कि नागरिकों का कहना है कि वार्ड पार्षद ने दो टूक शब्दों में कह दिया वोट दो या मत दो,ये काम नहीं हो सकता।
वार्ड नंबर 40 के नागरिकों में नगर निगम और वार्ड पार्षद के इस रवैए से भारी नाराज़गी तो है लेकिन अंत में अपनी समस्या का खुद समाधान करने की सोचते हुए यहां स्थित नाले की सफाई तथा उबड़-खाबड़ सड़क को दुरुस्त करने का कार्य शुरू करा दिया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



