@शब्द दूत ब्यूरो (08 अक्टूबर 2023)
काशीपुर। पुलिस द्वारा जुआ खेलते पकड़े गए अभियुक्तों को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जमानत दे दी। एसीजेएम ने पुलिस द्वारा इस मामले में लगाई गई एक धारा को भी निरस्त कर दिया।
बताते चलें कि बीती देर रात पुलिस ने गंगे बाबा रोड स्थित हिंजड़ों वाली गली में एक बंद मकान में जुआ खेलते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आज सभी पकड़े गये व्यक्तियों को पुलिस ने एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। जहां शोभित अग्रवाल व धीरज शर्मा की ओर से अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल ने बहस की। अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल ने तर्क दिया कि इस मामले में अभियुक्तों पर जो धारा लगाई गई है वह 13 गैंबलिंग एक्ट है। इस धारा को तभी लगाया जाता है जब सार्वजनिक स्थलों पर जुआ खेला जाता है। इसलिए अभियुक्तों के विरूद्ध धारा 13 अनुचित है। अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल के तर्क को सुनने के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने धारा 13 को निरस्त करते हुए धारा 3 व4 के तहत अभियुक्तों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



