
@शब्द दूत ब्यूरो (30 सितंबर 2023)
काशीपुर। आज शहर में सूबे के उच्च शिक्षा, सहकारिता व स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के अनेक कार्यक्रम हुये। बाजपुर रोड पर स्थित एक रिसोर्ट में शिक्षक सम्मान समारोह में एक अजीब गरीब वाकया देखने में आया। यहां आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के तमाम पदाधिकारी मंच पर बैठे दिखाई दिये लेकिन भाजपा नगर अध्यक्ष को सामने श्रोताओं के बीच बिठाया गया था।
इस संबंध में जब भाजपा नगर अध्यक्ष अभिषेक गोयल से शब्द दूत ने पूछा कि आपको मंच पर स्थान नहीं दिया गया। उनका कहना था कि ये पार्टी का कार्यक्रम नहीं निजी संस्थान का कार्यक्रम है। हालांकि मंच पर बैठे सभी भाजपा के पदाधिकारी थे। कार्यक्रम तो था शिक्षकों के सम्मान का लेकिन कार्यक्रम की शुरुआत में लगा कि यह शिक्षकों से अधिक भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों का सम्मान समारोह बन कर रह गया।
नगर अध्यक्ष का पद आपने आप में महत्वपूर्ण होता है और पार्टी या सरकार के वरिष्ठ मंत्री के आगमन पर नगर अध्यक्ष की महती भूमिका होती है। ऐसे में कैबिनेट मंत्री के कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष की उपेक्षा वहां मौजूद कुछ लोगों के गले से नहीं उतर रही थी। भाजपा नगर अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने इस बारे में अपनी ओर से कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने इसे निजी संस्थान का कार्यक्रम बताया।
कुल मिलाकर कैबिनेट मंत्री के कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष की उपेक्षा वहां चर्चा का विषय बनी रही।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



