@शब्द दूत ब्यूरो (30 सितंबर, 2023)
तहसील कीर्तिनगर के बडियारगढ़ क्षेत्र में किशोरी के साथ हुए दुराचार के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने बीस लोगों की पिटाई कर दी। सभी घायलों को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है।
कीर्तिनगर तहसील क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुराचार मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षेत्र में कार्य करने वाले समस्त मजदूर, मिस्त्री, नाई, मांस का व्यपार कर रहे अन्य बाहरी लोगों को भगा दिया। आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायाधीश टिहरी की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर मेडिकल परीक्षण कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
तहसील कीर्तिनगर में घटना का पता चलने पर आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसका सिर मुंडवाकर, चेहरे पर कालिख पोतकर बाजार क्षेत्र में घुमाया और राजस्व पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है। किशोरी गर्भवती बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना तहसील कीर्तिनगर के राजस्व क्षेत्र स्थित एक गांव की है। किशोरी के पेट का आकार बड़ा होने पर परिजनों ने उससे इसके बारे में पूछा। जिस पर किशोरी ने इसे सामान्य बात कहते हुए टाल दिया। परिजनों ने सख्ती की तो किशोरी ने अपने साथ हुई दुराचार की बात बताई।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



