@शब्द दूत ब्यूरो (29 सितंबर 2023)
काशीपुर। अतिक्रमण हटाने से नाराज़ व्यापारियों और प्रशासन के बीच नगर निगम में लंबी वार्ता हुई।
मुख्य नगर आयुक्त विवेक राय ने अतिक्रमण अभियान को हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में जरूरी बताया लेकिन साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम व्यापारियों के विरुद्ध नहीं है। एम एन ए ने कहा कि व्यापारियों को भी हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन करना चाहिए। नाली से बाहर कोई भी अपना सामान न रखें। जिसकी वजह से बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को दिक्कत होती है। एम एन ए ने कहा कि इस मामले में भीड़ से बात नहीं हो पायेगी इसलिए व्यापारी संगठन के पदाधिकारी उनके पास आकर शांति से बात करें ताकि समाधान हो सके। इस दौरान अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ व्यापारियों का सामान निगम कर्मचारियों द्वारा जब्त कर लिया गया था। जिसको लेकर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कल उन लोगों का सामान वापस कर दिया जायेगा। वहीं कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सामान जब्त करने के समय काफी सामान टूट गया है उसकी भी भरपाई की जानी चाहिए। एम एन ए कल सुबह 11 बजे व्यापारियों के प्रतिनिधियों को बुलाया है।
वहीं व्यापारियों की ओर से भाजपा नेता दीपक बाली ने कहा कि प्रशासन हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के बाजार में आकर दुकान में खरीदारी करते समय किसी ने फोटो खींचकर हाईकोर्ट तक पहुंचा दिया। दीपक बाली ने यह कहकर सनसनी मचा दी कि जिस व्यक्ति ने फोटो खींचा वह व्यक्ति इसी सभागार में मौजूद है।
अपने संबोधन में भाजपा नेता दीपक बाली ने व्यापारियों की समस्याओं को भी प्रशासन के सामने उठाया जिसमें व्यापारियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था जैसी समस्याएं भी हैं।
निगम सभागार में मौजूद उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार युसुफ अली, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमरजीत साहनी ने व्यापारियों को समझाया।
व्यापारियों की ओर से व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी, जगमोहन बंटी, मुकेश पाहवा, राकेश नरूला, समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



