@शब्द दूत ब्यूरो (11 सितंबर, 2023)
चालू मानसून सत्र में हुई भारी बारिश ने प्रदेश की सड़कों की हालत खस्ता कर दी है। भारी बारिश से इस दौरान सूबे में तीन हजार से अधिक सड़कें और 93 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस क्षतिग्रस्त संपत्ति का अनुमानित आंकलन करीब 554 करोड़ रुपये है। इधर खबर ये है कि सरकार ने सड़कों और पुलों को दुरुस्त करने के लिए पहले ही करीब 650 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था कर दी है।
प्रदेश से मानसून के बाद सड़कों को चमकाने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2023-24 में सड़क सुरक्षा मद में 300 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था। इसमें से कुछ पैसा जारी भी किया जा चुका है।
इसके अलावा इसी मद में अनुपूरक बजट में 200 करोड़ रुपये और मिल गए हैं। जबकि पीएमजीएसवाई की सड़कों के सुधार के लिए 150 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अभी तक सड़क सुरक्षा मद में 4117.54 किमी लंबाई की सड़कों पर 56 कार्यों के लिए करीब 233.51 करोड़ रुपये शासन की ओर से जारी किए जा चुके हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal