@शब्द दूत ब्यूरो (05 अगस्त, 2023)
क्या आप जानते हैं कि रुद्रप्रयाग जिले को देश में भूस्खलन से सबसे अधिक खतरा है। रुद्रप्रयाग देश के 10 सबसे अधिक भूस्खलन खतरे वाले जिलों में से पहले नंबर पर है। इसकी तस्दीक पिछले तीन-चार दशकों के दौरान जिले में भूस्खलन की वे बड़ी घटनाएं हैं, जिनमें हजारों लोग मारे गए या लापता हो गए।
साल 2013 में केदारनाथ में हुए भूस्खलन और बाढ़ में करीब 4500 लोग मौत के आगोश में समा गए थे। अब ताजा गौरीकुंड भूस्खलन हादसे ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के राष्ट्रीय सुदूर संवेदी केंद्र (एनआरएससी) की उस भूस्खलन मानचित्र रिपोर्ट पर मुहर लगा दी है जिसमें रुद्रप्रयाग को भूस्खलन की दृष्टि से नंबर एक पर रखा गया है।
उपग्रह से लिए गए चित्रों के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट बताती है कि रुद्रप्रयाग जिले को देश में भूस्खलन से सबसे अधिक खतरा है। भूस्खलन जोखिम के मामले में देश के 10 सबसे अधिक संवेदनशील जिलों में उत्तराखंड का टिहरी दूसरे स्थान पर है।
उत्तराखंड के लिए चिंताजनक बात यह है कि सर्वाधिक भूस्खलन प्रभावित 147 जिलों में राज्य के सभी 13 जिले शामिल हैं। इनमें चमोली जिला भूस्खलन जोखिम के मामले में देश में उन्नीसवें स्थान पर है। चमोली जिले का जोशीमठ शहर भूस्खलन के खतरे की चपेट में पहले से है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal