@शब्द दूत ब्यूरो (04 अप्रैल 2023)
काशीपुर। ऐतिहासिक और पौराणिक तथ्यों व महापुरुषों के बारे में सभी को अपने विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता है लेकिन किसी के विचारों और प्रतीकों को विद्रूप ढंग से पेश करना अमानवीय है। देश के जाने माने पत्रकार व आलोचक राजीव नयन बहुगुणा ने आज यहां काशीपुर पहुचने पर शब्द दूत से हुई संक्षिप्त बातचीत में कई मुद्दों पर अपने विचार रखे।
पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा आज यहां समाजसेवी व भाजपा नेता मुकेश चावला के माता मंदिर रोड स्थित पापा’ज बेकरी में कुछ देर रूके थे। जहां शब्द दूत ने उनसे आज के हालातों, सामाजिक मुद्दों पर बात की।अपनी बेबाकी और साफगोई के लिए राजीव नयन बहुगुणा की एक अलग पहचान है। प्रख्यात पर्यावरणविद् स्व सुंदर लाल बहुगुणा के पुत्र राजीव नयन बहुगुणा अपने खास अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। बातचीत के दौरान वर्तमान हालातों पर अपनी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आज समाज का हर क्षेत्र वास्तविक चर्चा के मुद्दों से भटक गया है। मंहगाई बेरोजगारी और देश की अर्थव्यवस्था की गिरावट को बिसरा दिया गया है। केवल और केवल धर्म पर जोर दिया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी हुआ है। भारत में 1946 से 1948 के दौर में भी ऐसा ही हुआ था पूरा देश एक तरह से सामूहिक सन्निपात का शिकार हो गया था। पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा इसके बावजूद भी इसे आने वाले दिनों में सुधार की आशा जताते हैं। उन्होंने बाढ़ से इस दौर की तुलना करते हुए कहा कि जैसे नदी की बाढ़ सब कुछ तहस नहस कर देती है लेकिन बाढ़ के मलवे आने वाली फसलों के लिए लाभदायक होती है।
पत्रकारिकता के पिछले और वर्तमान पत्रकारिता की बात करते हुए राजीव नयन बहुगुणा ने कहा कि बीस बरस पहले की पत्रकारिता में सामाजिक सरोकार नजर आते थे लेकिन आज की मीडिया से सामाजिक सरोकार लुप्त हो गये हैं। पत्रकारिता पर बाजारवाद हावी हो गया है। इससे भारी अनर्थ हो रहा है।
सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रायल को उन्होंने कोई नयी बात नहीं कहा। बहुगुणा कहते हैं कि ऐसा पहले भी होता रहा है। आखिर जज भी एक आदमी है। लोकतांत्रिक समाज में न्यायिक फैसलों पर गुण दोष की विवेचना को हमें स्वीकार करना होगा। श्री बहुगुणा ने कहा कि जन जन के पूज्य भगवान श्रीराम के फैसलों पर भी टीका टिप्पणी की गई। श्रीराम ने अपने फैसलों पर हुई टीका टिप्पणी को स्वीकार भी किया। स्वस्थ समाज में यह आवश्यक भी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
