@शब्द दूत ब्यूरो (02 मार्च 2023)
काशीपुर। भाजपा नेता और पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने उत्तराखंड में जमीनों के सर्किल रेट में भारी वृद्धि को गलत बताते हुए इसके विरोध में आंदोलनरत अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि वह सरकार से इसे कम करने के लिए बात करेंगे।
बता दें कि काशीपुर में सर्किल रेट में भारी बढ़ोतरी को लेकर यहां अधिवक्ता आंदोलन पर है। अधिवक्ताओं के आंदोलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने सरकार के इस फैसले पर कहा कि काशीपुर के इतिहास में सर्किल रेट में इतनी भारी वृद्धि कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने संगठन के नेताओं से भी बात की है तथा कुछ दिन के लिए इस वृद्धि को स्थगित कर इसकी नये सिरे से जांच कराई जाय। आखिर कैसे सर्किल रेट इतने बढ़ाये गये।
इस दौरान राम मेहरोत्रा ने प्रदेश सरकार के इस फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह खुद सर्किल रेट में इतनी भारी वृद्धि का विरोध करते हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि दो चार दिन में इस बारे में कोई निर्णय कराने का वह प्रयास करेंगे।
राम मेहरोत्रा भाजपा के दिग्गज नेताओं में माने जाते हैं। इस मसले पर उनका अधिवक्ताओं को समर्थन मिलने से उनमें आस जगी है। हालांकि आमतौर पर अपनी ही सरकार के फैसले पर सवाल कम ही भाजपा नेता उठाते हैं लेकिन राम मेहरोत्रा ने इस धारणा को बदल दिया और खुलकर अधिवक्ताओं की ओर से सरकार से बात करने का आश्वासन दे दिया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal