दारोगा को गोली मारने की इस घटना को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। क्षेत्र में बदमाशों के भागने के बाद नाकाबंदी कर दी गई है।
@शब्द दूत ब्यूरो (08 नवंबर 2022)
वाराणसी । बेखौफ बदमाशों ने एक दारोग़ा के सीने में गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूट ली और फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वारदात रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर के पास आज शाम हुई। वारदात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया।
वाराणसी के लक्सा थाने में तैनात दारोगा अजय यादव आज अपने प्लाट जो कि रोहनिया में है, वहां गए थे। प्लाट पर काम चल रहा है। मौके पर आज लेबर व मिस्त्री नहीं थे। बताया जाता है कि दारोगा अजय यादव जैसे ही अपने प्लाट के पास पहुंचे पीछे-पीछे आ रहे तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों से उनकी किसी बात पर नोकझोंक होने लगी। इसी बीच हाथापाई के दौरान दारोगा ने दो लोगों को पकड़ लिया औऱ नहर में कूद गए। इसी बीच तीसरे बदमाश ने दारोगा को गोली मार दी। गोली लगते ही घायल दारोगा की पिस्टल, बटुआ मोबाइल लूटकर वह लोग भाग निकले। घायल दारोगा ने बताया कि 2019 में जब वह लंका में तैनात थे उस समय उन्होंने के एक भू-माफिया को जेल भेजा था। हमला उसी से जुड़ा लग रहा है। कहा कि हमारा या परिवार का किसी से कोई रंजिश और विवाद नहीं है।
उधर पुलिस आयुक्त सतीश गणेश ने बताया कि दारोगा की हालत नाजुक लेकिन फिलहाल स्थिर है। इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे हुए हैं। पुलिस का प्रयास है कि घटना में शामिल बदमाशों की जल्द से जल्द शिनाख्त करके उन्हें पकड़ा जाए और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
