@शब्द दूत ब्यूरो (03 अक्टूबर 2022)
यूपी में बीती देर रात दुर्गा पूजा के पंडाल में लगी आग में 64 से अधिक लोग झुलस गये हैं। दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब आठ बजे के लगभग बजे हुई जब आरती चल रही थी। हादसे के वक्त पंडाल में करीब 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आग लगने के कारण अभी साफ नहीं हो पाये हैं। हालांकि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में घायल हुई एक महिला ने बताया कि आग बिजली के तार से चिंगारी निकलने से लगी। घटना भदोही के औराई थानाक्षेत्र की है। उधर घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
झुलसे लोगों को सीएचसी औराई, सूर्या ट्रामा सेंटर सहित अन्य निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया। आग से झुलसे बच्चों की चीख सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद डीएम गौरांग राठी, एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित पुरा पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। शाम आठ बजे से रात 11 बजे तक अस्पतालों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
जिलाधिकारी जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन के अनुसार झुलस गए लोगों में से 9 को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से झुलसे अन्य लोगों को वाराणसी के अस्पताल में भेज दिया गया। प्रशासन ने इस पूरी घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. सीएम योगी ने जिलाधिकारी और पुलिस के उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने के निर्देश दिए हैं मौके पर राहत कार्य जारी है।घटना के कारण और लापरवाही के आरोपों की जांच की जाएगी। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जांच के लिए एडीजी राम कुमार ने चार सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी है। इसमें अपर जिलाधिकारी(वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक, एक्सईएन हाईडिल और फायर सेफ्टी ऑफिसर शामिल हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal