@शब्द दूत ब्यूरो (12 अगस्त 2022)
महंत और उनके 16 समर्थकों ने पुलिसकर्मियों को डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर महंत समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला गाजियाबाद जिले के हिंडन विहार शिव मंदिर बालाजी धाम का है। यहाँ के महंत मछेंद्रनाथपुरी और उनके 16 समर्थकों ने पुलिसवालों को जिंदा जलाने की कोशिश की। इसी के साथ महंत ने आत्मदाह का प्रयास किया। बचने की जब पुलिसकर्मियों ने कोशिश की तो महंत हिंडन में कूदने चल दिए। इस बार जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने और उनके समर्थकों ने दो पुलिसवालों के सिर फोड़ दिए इतना ही नहीं चार पुलिस वालों की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर महंत और 16 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के महंत और समर्थकों ने यह बवाल अपहरण के आरोपी इमरान मलिक की गिरफ्तारी के लिए किया। इमरान पर महंत के शिष्य राहुल चौधरी के अपहरण का आरोप है। अर्थला निवासी राहुल ने ही इमरान के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वह 28 जुलाई को लापता हुआ था।
बताया जाता है कि महंत ने मंदिर से रात ढाई बजे वीडियो जारी कर कहा कि अगर एक घंटे में इमरान की गिरफ्तारी न हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे। और समुदाय के लोगों को नुकसान पहुंचाने की बात भी कही। इसके बाद ही पुलिस मंदिर पहुंची थी। आरोप है कि मंदिर के बाहर महंत ने पुलिसवालों और खुद पर डीजल डाल दिया और माचिस जलाने लगे। समर्थकों ने इसमें महंत का सहयोग किया। पुलिसवालों ने किसी तरह महंत से माचिस छीन ली। इसके बाद महंत हिंडन में कूदने की धमकी देकर भाग गए। उन्हें रोका गया तो उन्होंने और समर्थकों ने पुलिसवालों पर हमला कर दिया। नंदग्राम थाना प्रभारी मुनेंद्र कुमार, हैड कांस्टेबल संजय पुंडिर, कांस्टेबल आयुश महामुनी और कांस्टेबल विकास मलिक की वर्दी फाड़ दी। हेड कांस्टेबल संजय पुंडिर और कांस्टेबल आयुश महामुनी का सिर फोड़ दिया। दोनों घायलों को भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने महंत और समर्थकों के खिलाफ जानलेवा हमला, गंभीर रूप से चोट पहुंचाना, आत्महत्या का प्रयास करना, सरकारी काम में बाधा डालना, बलवा, दो समुदायों में वैमनस्य पैदा करने की कोशिश करने सहित 13 धाराएं और अपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 के तहत केस दर्ज किया है।
जेल भेजे गए 17 आरोपियों में से तीन अलीगढ़ के गभाना के हैं। ये हैं मछेंद्रनाथ पुरी, ब्रहमानंद और मनोज कुमार, एक दिल्ली के शाहदरा का जितेंद्र कुमार है। 13 गाजियाबाद के हैं। इनमें 11 नंदग्राम के हैं, विक्रांत, रविंद्र, विशु चौधरी, आकाश, विक्रम,आर्यन, दिनेश प्रताप, गौरव चौधरी, विनय राणा, विनोद सैनी और गोलू तोमर। हार्दिक पुरी संजय नगर और राहुल चौधरी अर्थला का है। बवाल के बाद हिंडन विहार में तनाव पैदा हो गया। इसके मद्देनजर पुलिस तैनात कर दी गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

