@शब्द दूत ब्यूरो (11 अगस्त 2022)
कांस्टेबल मनोज फूट फूट कर रोते हुए अपनी पीड़ा का बयान कर रहा है। उसे बर्खास्तगी का डर भी सता रहा है लेकिन इसके बावजूद उसने पुलिस विभाग में हो रहे अन्याय के विरुद्ध खुलकर बोलने की हिम्मत दिखाई है। हो सकता है कि अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामला उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का है। यहाँ जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल मनोज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसने मेस में खराब खाना दिए जाने का आरोप लगाया। खाने की थाली हाथ में लेकर मनोज रोते हुए आरोप लगाता है कि पुलिस लाइन के मेस में दाल में पानी ज्यादा होता है और रोटी कच्ची दी जाती है। मनोज का कहना है कि 12 घंटे ड्यूटी करने के बाद उन्हें इस तरह का खाना दिया जाता है।उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उन्हें धमकी दी जा रही है।
इस विभाग में कोई सुनने वाला नहीं है।अगर कप्तान साहब पहले सुन लिए होते तो उन्हें यहां आने की जरूरत नहीं पड़ती. कप्तान साहब निकलकर आए तो मैंने उनसे कहा कि आप इसमें से 5 रोटी खा लीजिए। कम से कम पता तो चले कि आपके सिपाही 12 घंटे ड्यूटी करने के बाद ये रोटियां खा रहे हैं। मैं आपसे बस पूछना चाहता हूं कि क्या आपके बेटे-बेटियां ये रोटी खा सकेंगे. कोई सुनने वाला नहीं है, मैं सुबह से भूखा हूं।
इतने पर ही मनोज नहीं रूकता वह कहता है कि “किससे कहूं, यहां मेरे मां-बाप थोड़ी हैं. मेस मैनेजर के द्वारा धमकी दी जा रही है कि अगर थाली को लोगों के बीच लेकर गया तो तुम्हें बर्खास्त करके छोड़ेंगे।आप बताइए कि मेरे साथ ज्यादती हो रही है या नहीं।डीजीपी महोदय को फोन किया तो उनके पीएसओ ने कहा कि फोन काट दो नहीं तो बर्खास्त करके घर भेज दिया जाएगा।एडीजी को फोन किया लेकिन उन्होंने उठाया नहीं।”
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal

