@शब्द दूत ब्यूरो (10 अगस्त 2022)
काशीपुर। भाजपा के प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज देश इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि पूरी दुनिया को भारत की आन बान शान और ताकत का एहसास हो गया है । निसंदेह मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास की यही गति उसे पुन: विश्व गुरु बनने की ओर ले जा रही है।
उन्होंने कहा कि आज विश्व के शक्तिशाली देशों के बीच भारत पूरे सम्मान के साथ खड़ा हुआ है। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के बावजूद भारत ने तटस्थ रहकर भी देशवासियों के हित के लिए रुस से सस्ता तेल खरीद कर पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए देश सर्वोपरि है और भारत की विदेश नीति किसी के दबाव में नहीं आने वाली।
एक सवाल के जवाब में आशीष गुप्ता कहते हैं कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद निसंदेह देश ने विकास के नए कीर्तिमान कायम किए हैं। आज देश तीव्र गति से विकास की पटरी पर दौड़ रहा है । विरोधी दल भले ही कुछ भी दुष्प्रचार करते हो लेकिन सच्चाई यह है कि पहले धर्मनिरपेक्षता के नाम पर केवल तुष्टीकरण किया जाता रहा। लेकिन आज तुष्टीकरण के बजाय सभी को समान भाव से जीवन जीने की आजादी है। जो लोग यह कहते हैं कि भाजपा ने देश के अमन चैन को ठेस पहुंचाई है वह आज भी अंधेरे में तीर छोड़ रहे हैं और लगता हैआंखें होते हुए भी सच्चाई नहीं देख पा रहे।
आशीष गुप्ता कहते हैं कि सच्चाई तो यह है कि भाजपा ने सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत किया है और आपसी भाईचारे को बढ़ाया है। फ्री राशन और मोदी आवास योजना का लाभ चाहे किसी भी जाति और धर्म का व्यक्ति हो उसे बेबाक ढंग से मिला है। आशीष गुप्ता कहते हैं कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल एवं चमत्कारिक नेतृत्व में उत्तराखंड भी जिस तेजी के साथ विकास के मार्ग पर दौड़ रहा है उसमें कोई संदेह नहीं कि यह नवोदित प्रदेश 2025 में आत्मनिर्भर और देश का आदर्श राज्य बनने जा रहा है। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास को एक नई राह दी है ।
उनके पास इस युवा उत्तराखंड को सजाने सवांरने एवं प्रगतिशील व आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने का एक नया विजन है जिसमें वें अवश्य सफल होंगे। अपने 1 वर्ष के कार्यकाल मैं प्रदेश के हित में अनेक चमत्कारिक निर्णय लेकर उन्होंने सिद्ध कर दिया है कि अब उत्तराखंड को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता और जिन सपनों को लेकर राज्य आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया और अपने प्राण तक गंवाए ,जिन माताओं बहनों ने अपनी अस्मत तक इस प्रदेश के निर्माण के लिए दांव पर लगा दी अब उन सभी के सपने साकार होंगे और उनके सपनों का उत्तराखंड नजर आएगा।
श्री गुप्ता कहते हैं कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अत्यंत मिलनसार तथा उत्तराखंड की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील है उनकी यही संवेदनशीलता उत्तराखंड को आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने में चरितार्थ होगी। आदर्श उत्तराखंड बनाने हेतु श्री धामी भाजपाइयों को ही नहीं बल्कि विपक्षी दलों को भी साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
