@शब्द दूत ब्यूरो (10 अगस्त 2022)
काशीपुर । आज सुबह से सोशल मीडिया पर पिंजरा तोड़ कर तेंदुये के भागने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मानपुर रोड स्थित कौशांबी कालोनी में वन विभाग द्वारा लगाये गये पिंजरे का है। जबकि स्थानीय वन अधिकारियों ने इससे इंकार किया है।
मानपुर रोड पर कौशांबी कालोनी है। बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग पांच बजे के आसपास यहाँ वन विभाग के पिंजरे में रात से फंसा हुआ एक तेंदुआ सुबह उसकी सरिया तोड़ कर भाग गया। किसी ने उसका वीडियो बना लिया था। यहाँ के लोग दावा कर रहे हैं कि तेंदुए के भागने की यह घटना काशीपुर की है। लेकिन मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारी ललित आर्य ने ऐसी किसी घटना से इंकार कर दिया। पूछने पर उन्होंने कहा कि जिसने वीडियो बनायी उसी से पूछिये। वहीं स्थानीय कालोनीवासियों का कहना है कि मामला कौशांबी कालोनी का ही है।
बहरहाल वीडियो वायरल होने के बाद कालोनीवासी दहशत में है। लेकिन मामले की सच्चाई क्या है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
नोट – शब्द दूत इस वीडियो के काशीपुर का होने की पुष्टि नहीं करता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
