@शब्द दूत ब्यूरो (24 जुलाई 2022)
हरिद्वार में बड़ी संख्या में कांवडियों खासकर डाक कांवड़ियों के आने से वहाँ ट्रैफिक नियंत्रण करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर बहादराबाद में पुलिस और कांवड़ियों के बीच जमकर झड़प हो गई। कांवड़ियों ने पुलिस कर्मियों पर एक कांवड़िय का लैपटॉप तोड़ने का आरोप लगाया। दोनों ओर विवाद काफी बढ़ गया। यहाँ तक कि कांवडियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। एसपी सिटी को खुद मौके पर आना पड़ा तब कहीं जाकर विवाद शांत हो पाया।
उधर डाक कांवड़ियों की भारी संख्या से हरिद्वार में यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए पुलिस को काफी जोर लगाना पड रहा है।
हरिद्वार पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक अपील भी जारी की है जिसमें कहा गया है कि बड़ी संख्या में भोले भक्तों “कांवड़ियों” के एकाएक आ जाने से हरिद्वार शहर क्षेत्र की गलियां, घाट, राष्ट्रीय राजमार्ग इत्यादि सभी फुल चल रहे हैं एवं पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान को सुचारू चलाए जाने में हरिद्वार पुलिस पूरी लगन व मेहनत से कार्य कर रही हैं।
कहीं-कहीं स्थिति के अनुसार अत्यधिक शिव भक्तों के एकत्र होने से ट्रैफिक प्लान में कुछ घंटों के लिए आंशिक परिवर्तन “शुरू अथवा बंद” किया जा रहा है।
सभी शिव भक्तों व हरिद्वारवासियों से आग्रह है कि मौके पर उपस्थित पुलिस बल से अनावश्यक बहस न करें तथा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal