@शब्द दूत ब्यूरो (21 जुलाई, 2022)
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। टिहरी में हाल में हुए दो जानलेवा बस हादसों के बाद अब हरिद्वार में एक यात्री बस पलटकर सड़क के बगल में खाई में जा गिरी। इस हादसे में बस पूरी तरह पलट गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की शिकार रोडवेज़ बस ऋषिकेश डिपो की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक कार को बचाने के चक्कर में बस बेकाबू होकर हादसे की शिकार हुई। बस में करीब 30 लोग सवार थे, जिनमें से ज़्यादातर केदारनाथ की यात्रा के लिए निकले थे।
टनकपुर से ऋषिकेश जा रही बस हरिद्वार में बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चीला मार्ग से ऋषिकेश जा रही यह बस काली मंदिर और भीमगोड़ा बैराज तिराहे के बीच में अनियंत्रित होकर तब खाई में जा गिरी जब सामने से आ रही एक कार को बचाने के लिए ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। घटना पौड़ी ज़िले की सीमा पर बनी चीला पुलिस चौकी क्षेत्र की है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेस मौके पर पहुंची और घायलों को हरिद्वार ज़िला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही टिहरी में दो भीषण सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। चंबा-आराकोट रूट पर एक ट्रक के खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। वहीं, टिहरी ज़िले में ही बद्रीनाथ हाईवे पर कोडियाला के पास एक यात्री बस दुर्घटना में डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal