@शब्द दूत ब्यूरो (19 जुलाई, 2022)
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम सामान्य रहने के बाद एक बार फिर बरसात अपना रौद्र रूप दिखा सकती है। प्रदेश के आठ जिलों में आज यानि 19 जुलाई को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है और कल 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन दो दिनों के दौरान प्रदेशवासियों सहित यात्रियों को राज्य में खास तौर से, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। देहरादून समेत कुल आठ ज़िलों में आज भारी बारिश की संभावना है।
देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ ज़िलों में मंगलवार में तेज़ बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए मौसम विभाग ने हिदायतें जारी करते हुए अगले कुछ दिनों के लिए भी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को बहुत भारी बारिश के बाद 21 और 22 जुलाई को बरसात तुलनात्मक तौर पर धीमी पड़ेगी इसलिए गुरुवार और शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
20 जुलाई के लिए इन्हीं आठ ज़िलों के लिए तो रेड अलर्ट है, लेकिन बाकी पांच ज़िलों उत्तरकाशी, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा के लिए भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यानी कल की बारिश राज्य के कई हिस्सों में कई तरह की मुश्किलें खड़ी कर सकती है। इसके बाद 21 को चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व बागेश्वर में तो 22 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली ज़िलों में कहीं कहीं भारी बारिश के लिहाज़ से यलो अलर्ट रहेगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal