@शब्द दूत ब्यूरो (06 जून, 2022)
उत्तरकाशी बस हादसे में 26 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है। जबकि, चार घायलों का इलाज जारी है। नौगांव और बड़कोट में शवों को पोस्टमार्टम के बाद देहरादून भेज दिया गया है। शवों को मध्यप्रदेश पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र से मदद मांगी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों का इलाज जारी है। हमने पोस्टमॉर्टम कर पार्थिव शरीरों को देहरादून रवाना कर दिया है। पार्थिव शरीरों को ले जाने के लिए एयर फोर्स के विमान मांगे हैं। एयर फोर्स के विमान इन पार्थिव शरीरों को खजुराहो लेकर पहुंचेंगे। जहां से यह पार्थिव शरीर वाहनों के माध्यमों से अलग-अलग गांव जाएंगे।
एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने बयान में कहा कि बस का स्टेयरिंग फेल होने के चलते यह दुर्घटना हुई। ड्राइवर ने पहाड़ से टकराकर बस को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पहाड़ से टकराकर बस खाई में गिर गई। मध्य प्रदेश के तीन यात्री दुर्घटना में घायल हुए हैं, उनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपए की राशि देंगे। घायलों का इलाज निशुल्क हो उसकी भी व्यवस्था करेंगे।
बता दें कि बीती देर शाम मध्य प्रदेश के यात्रियों की एक बस यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। खाई में गिरते ही बस के दो हिस्से हो गए. यह बस यात्रियों को लेकर हरिद्वार से चली थी, जो यमुनोत्री जा रही थी। तभी डामटा के पास अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
