@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (14 मई, 2022)
दिल्ली के मुंडका की एक व्यावसायिक इमारत में लगी भयानक आग में अब तक 27 लोगों की मौत हो गई है, जबकि हादसे में हताहत 40 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पश्चिमी दिल्ल्ली में मुंडका मेट्रो स्टेशन के करीब एक बिल्डिंग में शुक्रवार की शाम भीषण आग लगी थी। आग इमारत की पहली मंजिल पर बने सीसीटीवी कैमरे और राउटर बनाने वाली एक कंपनी के कार्यालय में लगी, लेकिन कुछ ही वक्त में इसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
बिल्डिंग से आग की कई फीट ऊंची लपटें देखी गईं। भयानक धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिस कंपनी में आग लगी थी उसके दोनों मालिक वरुण गोयल और सतीश गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि इमारत का मालिक मनीष लांगड़ा फरार है। इस इमारत के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं थी।
अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब 4.40 बजे आग के बारे में सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 24 दमकलों को मौके पर रवाना किया गया था। मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर 544 के पास स्थित इमारत में आग लगी थी। लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त बिल्डिंग में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। यह आग मुंडका मेट्रो स्टेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर लगी थी। ऐसे में यह आग और ज्यादा खतरनाक हो सकती थी।
स्थानीय पुलिस और नौ अग्निशमन विभाग की गाड़ियों के साथ कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को बचाने के लिए इमारत के शीशे तोड़े और घायलों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराने का काम शुरू किया। यह आग इमारत के पहले फ्लोर से लगी, जहां सीसीटीवी कैमरा और राउटर बनाने वाली कंपनी का ऑफिस है। पुलिस ने कंपनी के मालिक को हिरासत में ले लिया है। लेकिन आग बुझने के बाद रात होते-होते 16 शवों को खाक हो चुकी इमारत से बाहर निकाला गया।
गौरतलब है कि पश्चिमी दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार शाम एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने से पहले एक महिला की मौत की खबर आई थी, लेकिन जब आग बुझने के बाद अंदर दाखिल हुए तो शव मिलते चले गए। पुलिस ने इमारत से 60-70 लोगों को निकाला भी था। उन्होंने यह भी बताया कि अब भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
