Breaking News

मिसाल :पांच फुट की पीवीसी पाइप में पांच किलो सब्जी उगा लेती हैं बिहार की सुनीता

@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (05 मई, 2022)

बिहार के छपरा की रहनेवाली सुनीता प्रसाद ने अपनी सूझ-बूझ दिखाते हुए एक पीवीसी पाइप और बांस की मदद से बेहतरीन वर्टिकल गार्डन तैयार किया है। जिसमें बेहद ही कम जगह में ढेरों स्वास्थ्यवर्धक सब्जियां उगाई जा सकती हैं।

शहर हो या गांव, आजकल जगह की कमी के कारण लोग पौधे लगाने से हिचकिचाते हैं। ऐसे में गार्डनिंग का शौक रखने वाले पौधे लगाने के लिए तरह-तरह के उपाय खोज ही लेते हैं। ऐसा ही एक बेहतरीन तरीका खोजा है बिहार के छपरा की रहनेवाली सुनीता प्रसाद ने।

सुनीता ने बताया, “मुझे शुरू से ही सब्जी उगाने का शौक़ रहा है। कोई भी बर्तन टूट जाता था, तो उसमें मिट्टी डालकर कुछ ना कुछ उसमें लगा देती थी। एक दिन मैं कबाड़ी वाले को सामान बेच रही थी। उसी दौरान मुझे उसकी साइकिल पर एक पाइप नजर आई, जिसे मैंने खरीद लिया और फिर उस पाइप को छत पर रख दिया। देखते ही देखते उसमें मिट्टी जम गई। उसके बाद उसमें घास भी निकल आई। यह देख मुझे लगा कि इसको उपयोग में लाया जा सकता है।”

बस, इस एक घटना के बाद तो सुनीता रुकी ही नहीं और आज वह पीवीसी और बांस पर बने वर्टिकल गार्डन में तकरीबन हर एक मौसमी सब्जियां उगाती हैं। उनकी छत पर आपको एक भी गमला नहीं दिखेगा बल्कि कई पीवीसी पाइप और बांस दिखेंगे।

दरअसल, जब उन्होंने पाइप में सब्जियां उगाने में सफलता हासिल कर ली, तब उन्होंने बांस में भी मिट्टी भरके सब्जी उगाने का प्रयोग किया। सुनीता कहती हैं कि जब उन्होंने लोगों को पीवीसी पाइप में सब्जियां उगाने को कहा, तो कई लोगों ने सिर्फ यह कहकर मना कर दिया कि यह बहुत महंगा है। इसलिए उन्होंने इसके एक विकल्प के रूप में बांस में वर्टिकल गार्डन बनाया। इन दोनों ही तरीकों का रिजल्ट काफी अच्छा रहा।

कीमत की बात करें, तो पांच फुट के दो पीवीसी पाइप की कीमत 1000 रुपये है। पांच फुट के एक पाइप में आप चार से पांच किस्मों की सब्जियां लगा सकते हैं। वहीं अगर आपको यह महंगा लग रहा है, तो सुनीता ने बांस का भी अच्छा विकल्प दिया है, जिसमें 10 से 20 रुपये के बांस को चार टुकड़ों में काट लें और फिर इसके चारो ओर प्लास्टिक लगा लें। इसे तैयार करने के लिए आपको सिर्फ 35 से 40 रुपये ही खर्च करने होंगे और एक अच्छा वर्टिकल गार्डन तैयार हो जायेगा।

आप अपने घर की बालकनी या छत पर जगह के अनुसार, पाइप ले सकते हैं। उनके घर में पांच फुट से लेकर 10 फुट तक के लम्बे पाइप में सब्जियां लगी हैं। इसमें हरी पत्तेदार सब्जियों से लेकर, कंद वाली सभी सब्जियां लग सकती हैं। पाइप या बांस के प्लांटर में वह वर्मीकम्पोस्ट और मिट्टी का उपयोग करती हैं।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

एस.सी. गुड़िया आईएमटी के विद्यार्थियों ने किया पारले बिस्कुट प्लांट का औद्योगिक भ्रमण, उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से समझा

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (10 मार्च 2026) काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-