@शब्द दूत ब्यूरो (03 मई, 2023)
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में खाता तक न खोल पाने वाली आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर दीपक बाली की ताजपोशी के बाद से कर्नल अजय कोठियाल नाराज बताए जा रहे हैं। हालांकि बाली के अध्यक्ष पद की खबरों के बाद कोठियाल ने कहा है कि वो स्वास्थ्य कारणों से इन दिनों विश्राम पर हैं। पार्टी ने सबसे विचार विमर्श के बाद ही अध्यक्ष पद पर फैसला किया है।
गौरतलब है कि आप ने काशीपुर निवासी दीपक बाली को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। गत दिनों देहरादून में इसकी घोषणा के समय पार्टी के सीएम पद के प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल नदारद रहे थे। जबकि कोठियाल देहरादून में ही थे। उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर नए अध्यक्ष को बधाई तक नहीं दी गई थी। बस यहीं से फुसफुसाहटों का दौर शुरू हो गया। कहा जा रहा है कि इस फैसले के लिए कोठियाल को विश्वास में नहीं लिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम को कोठियाल की नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है। अब उन्होंने नाराजगी खबरों को नकारते हुए कहा है कि पार्टी ने अध्यक्ष पद का फैसला सबसे विचार विर्मश के बाद ही किया है। इसलिए नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। कोठियाल ने कहा कि वो पार्टी के फैसले से बंधे हुए हैं, अभी कुछ दिन स्वास्थ्य कारणों से विश्राम कर रहे हैं। इसके बाद फिर एक बार पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal