@शब्द दूत ब्यूरो (04 अप्रैल 2022)
काशीपुर । पूर्व भाजपा विधायक राजीव अग्रवाल ने काशीपुर रोडवेज डिपो का रामनगर में विलय होने को शहरवासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
पूर्व विधायक अग्रवाल ने कहा कि सरकार का यह निर्णय अदूरदर्शी है। स्थानीय जनप्रतिनिधि को जो कि पिछले बीस वर्षों से शहर के मतदाताओं के विश्वास की बदौलत विधायक बने हैं उन्हें शहर की जनता के साथ हुये इस अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल ने सरकार से अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है। वहीं उन्होंने स्थानीय विधायक व पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता को उनसे उम्मीदें हैं लेकिन पहले भी वह जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाये। उन्होंने आरोप लगाया कि काशीपुर की समस्याओं और आवश्यकताओं को कभी भी वह प्रभावी ढंग से सरकार तक नहीं पहुंचा पाये जिससे विकास की जनता की आस पूरी नहीं हो पा रही। उसी का परिणाम है कि यह रोडवेज डिपो यहाँ से स्थानांतरित कर दिया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पीयूसी के चेयरमैन राम मेहरोत्रा काशीपुर रोडवेज डिपो के रामनगर डिपो में विलय होने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यहाँ से रोडवेज डिपो खत्म नहीं होना चाहिए। यदि परिवहन निगम का ऐसा आदेश आया है तो वह इस मामले में सरकार और संगठन से बात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि रोडवेज डिपो यही रहना चाहिए। काशीपुर को रोडवेज डिपो की आवश्यकता है।
वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष गुप्ता ने कहा कि रोडवेज डिपो काशीपुर की पहचान है। इसे समाप्त नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि इसके पीछे कुछ प्रशासनिक मजबूरियां हो सकती है। साथ ही आशीष गुप्ता ने कहा कि 7 अप्रैल को परिवहन मंत्री चंदनराम दास काशीपुर आ रहे हैं। उनसे इस संबंध में बात की जायेगी और काशीपुर डिपो को यथावत रखने की मांग की जायेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal