@शब्द दूत ब्यूरो (26 मार्च 2022)
काशीपुर । शहर में पर्वतीय समाज के लोगों की अच्छी खासी संख्या है। समाज के लोगों को एकजुट रखने के लिए शहर में देवभूमि पर्वतीय महासभा नाम से एक संगठन भी है। लेकिन समाज को एक रखने के उद्देश्य से बने इस संगठन के लोग आपस में ही भिड़ गये हैं।
देवभूमि पर्वतीय महासभा के चुनाव को विवादास्पद बताते हुए समाज के कुछ सदस्यों ने महासभा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जीना पर आरोप लगाकर उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया है। देवभूमि पर्वतीय महासभा के प्रदीप जोशी, आर सी पांडे आदि ने उप निबंधक फर्म्स एंड सोसाइटी ऊधमसिंह नगर को एक प्रार्थना पत्र देकर चुनाव मनमाने ढंग से कराये जाने का आरोप लगाया है। प्रदीप जोशी का कहना है कि महासभा में अनियमितता बरती गई है और सदस्य बनाने व चुनाव कराने में मनमानी की गई है। लिखित शिकायत पर उपनिबंधक ने काशीपुर के उपजिलाधिकारी को इस मामले में जांच कर विवाद के निस्तारण को कहा है।
उधर देवभूमि पर्वतीय महासभा में इस विवाद के बाद दो फाड़ हो गये हैं। मामले में महासभा के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जीना से बात की गई तो उन्होंने कुछ कहने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसा कोई नोटिस नहीं आया है। उधर उपजिलाधिकारी अभयप्रताप सिंह ने कहा कि उनके पास सोसाइटी रजिस्ट्रेशन को लेकर प्रार्थना पत्र तो आया है पर अभी उसकी जांच की जा रही है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal