@शब्द दूत ब्यूरो (24 मार्च, 2022)
प्रदेश के शिक्षा मंत्री के दोबारा न जीतने के मिथक को तोड़ने और पांच बार के गदरपुर से विधायक अरविंद पांडेय को धामी सरकार की कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से उनके समर्थक काफी मायूस नजर आ रहे हैं। इस बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने जब अपना सरकारी आवास खाली किया तो वहां का पूरा माहौल गमगीन हो गया।
पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के बाद उन्होंने यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास को छोड़ दिया। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ थी। खास बात यह है कि अरविंद पांडेय ने इससे पहले अपने कर्मचारियों के साथ भोजन किया और उन्हें अलविदा कहा।
इस दौरान बीजेपी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता बलराज पासी में वहां मौजूद थे। अरविंद पांडेय ने बलराज पासी के पैर छूकर सरकारी बंगले से विदाई ली। इस दौरान अरविंद पांडेय ने सिर्फ इतना ही कहा कि उन्हें इस सरकार में मंत्री नहीं बनाया गया, इसका उन्हें कोई दु:ख नहीं है। पार्टी ने जो किया सोच सझकर ही किया होगा। पार्टी ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है और उन्हें उम्मीद है कि पार्टी जो करेगी बेहतर करेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal