बुरी तरह जले शवों की पहचान काफी मुश्किल हो रही है।
@शब्द दूत ब्यूरो (23 मार्च 2022)
हैदराबाद के भोईगुड़ा स्थित कबाड़ गोदाम में भीषण आग में 11 मजदूर जिंदा जल गये। मरने वाले सभी मजदूर बिहार के निवासी हैं।
जिस कबाड़ के गोदाम में आग लगी वहाँ पहली मंजिल पर दो कमरे थे और सभी 11 शव एक कमरे से बरामद किए गए। सभी एक दूसरे के ऊपर लेटे हुए थे। शव इतनी बुरी तरह से जल गये हैं कि किसी की पहचान नहीं हो पा रही है।
मौके पर मौजूद हैदराबाद डीसीपी सेंट्रल जोन ने बताया कि सभी 11 शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
पीएम मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं तेलंगाना के सीएम केसी राव ने आग में बिहार के श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और मुख्य सचिव को घटना में मारे गए श्रमिकों के शवों को वापस लाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कबाड़ गोदाम की पहली मंजिल पर 12 मजदूर सो रहे थे। अचानक भूतल पर आग लग गई। मजदूरों के बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता भूतल में कबाड़ की दुकान के माध्यम से था जिसका शटर बंद था। आज सुबह आठ बजे तक 11 शव बरामद कर लिए गए, जबकि एक मजदूर जो भागने में सफल रहा। उसे अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार फायर कंट्रोल रूम को तड़के करीब तीन बजे अलर्ट मिला और नौ दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक काम किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal