@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (20 मार्च, 2022)
संयुक्त राष्ट्र की एनुअल हैप्पीनेस इंडेक्स में फिनलैंड लगातार पांचवें साल दुनिया का सबसे खुशहाल देश चुना गया है। जबकि तालिबानी हुकूमत से जूझ रहा अफगानिस्तान सबसे नाखुश देश है। डेनमार्क, आइसलैंड, स्विटजरलैंड और नीदरलैंड टाॅप पांच खुशहाल देशों में शामिल हैं। जबकि अमेरिका 16वें और ब्रिटेन 17वें नंबर है।
इस लिस्ट में भारत का नंबर 136वां है। पिछले बार भारत का नंबर 139वां था, यानी भारत की रैंकिंग में तीन पायदान का सुधार हुआ है। वहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान 121वें रैंक के साथ भारत से बेहतर स्थिति में है।
इस लिस्ट में सर्बिया, बुल्गारिया और रोमानिया में बेहतर जीवन जीने में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं वर्ल्ड हैप्पीनेस टेबल में सबसे बड़ा फॉल लेबनान, वेनेजुएला और अफगानिस्तान की रैंक में आया।
आर्थिक मंदी का सामना कर रहा लेबनान का नंबर 144 है। जबकि जिम्बाब्वे 143 नंबर पर रहा। पिछले साल अगस्त में तालिबान के फिर से सत्ता में आने के बाद से युद्ध से पीड़ित अफगानिस्तान, पहले से ही इस सूची में सबसे नीचे है। यूनिसेफ का अनुमान है कि अगर मदद न दी गई तो वहां पांच साल से कम उम्र के दस लाख बच्चे इस सर्दी में भूख से मर सकते हैं।
वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट पिछले दस साल से बनाई जा रही है। इसे तैयार करने के लिए लोगों की खुशी के आंकलन के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक आंकड़ों को भी देखा जाता है। इसे तीन साल के औसत डेटा के आधार पर खुशहाली को जीरो से 10 तक का स्केल दिया जाता है। हालांकि यूनाइटेड नेशन की यह लेटेस्ट रिपोर्ट यूक्रेन पर रूसी आक्रमण से पहले तैयार हो गई थी। इसलिए जंग से जूझ रहे रूस का नंबर 80 और यूक्रेन का नंबर 98 है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal