चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन पर आईआईटी दिल्ली के एक पूर्व छात्र ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। दरअसल ट्विटर पर अनिमेष प्रताप सिंह ने एक ट्वीट किया जिसके बाद यह मामला चर्चा में है।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (11 दिसंबर, 2021)
चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन पर आईआईटी दिल्ली के एक पूर्व छात्र ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। दरअसल, ट्विटर पर अनिमेष प्रताप सिंह ने एक ट्वीट किया। उसमें उन्होंने लिखा कि आईआईटी दिल्ली का एक छात्र राम प्रभारन सीडीएस जनरल रावत के निधन का मजाक उड़ा रहा है।
अनिमेष ने आईआईटी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस मामले में उचित कार्रवाई करे, वरना वो कानूनी कार्रवाई का विकल्प तलाशेंगे। अनिमेष के ट्वीट को बड़ी संख्या में लोग रिट्वीट करने लगे। बता दें कि जनरल रावत पर अभद्र टिप्पणी करने पर जम्मू और राजस्थान में भी गिरफ्तारी हुई है।
कई ट्वीट में आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. वी रामगोपाल को भी टैग किया गया। ऐसे ही एक ट्वीट का जवाब देते हुए निदेशक ने लिखा कि हम पता लगा रहे हैं, कार्रवाई करेंगे। विश्वास नहीं होता कि दुख की इस घड़ी में कोई इतना असंवेदनशील कैसे हो सकता है। हालांकि बाद में निदेशक ने कहा कि आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला अब आईआईटी दिल्ली का छात्र नहीं है। छात्र ने इसी साल स्नातक की पढ़ाई पूरी की है।
जम्मू में आरोपित गुलाम मुस्तफा काजी गांव मुरादपुर राजौरी जिले का रहने वाला है। राजौरी पुलिस स्टेशन में आरोपित पर मामला भी दर्ज कर लिया है। दुकानदार गुलाम मुस्तफा काजी ने इंटरनेट मीडिया पर बलिदानी सीडीएस बिपिन रावत की शहादत से संबंधित सामग्री अपलोड करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। पुलिस के संज्ञान में जैसे ही यह मामला आया तो तुरंत पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है।
वहीं, राजस्थान में टोंक के रहने वाले एक युवक को भी पकड़ा गया है। हालांकि उसने करीब एक घंटे बाद ही पोस्ट को इंटरनेट मीडिया से हटा दिया था। टोंक के पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि इस मामले में शहर के जावाद नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जनरल रावत के शहीद होने के बाद जावाद ने इंटरनेट मीडिया पर उनके बारे में आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। पोस्ट के वायरल होने पर लोगों में नाराजगी बढ़ी। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। पुलिस की चार टीम जावाद की तलाश में जुटी रहीं। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







