@शब्द दूत ब्यूरो (24 नवंबर 2021)
बीस से पचास साठ रूपये किलो बिकने वाले टमाटर के दामों में एकाएक भारी बढ़ोतरी हुई है। देश में कई जगहों पर इसका दाम 120 से लेकर 160 रुपये तक पहुंच गया है।
टमाटर के बढ़ते दामों के पीछे किसान का लेशमात्र भी हाथ नहीं है। हालांकि अधिकतर लोग इसके लिए किसानों को दोषी ठहरा रहे हैं। पर हकीकत इसके ठीक विपरीत है। देश के अधिकांश हिस्सों में किसानों को औसतन 20 से लेकर 50 रुपये प्रति किलो तक का दाम मिल रहा है। अपवाद स्वरूप कुछ भागों में छोड़ कर। बाढ़-बारिश के मौके का फायदा किसान कम, बिचौलिए और रिटेलर ज्यादा उठा रहे हैं।
आंध्र प्रदेश में बारिश की वजह से टमाटर की फसल खराब हो गई है। और यह देश का सर्वाधिक टमाटर उत्पादक राज्यों में से एक है। मांग और आपूर्ति में भारी अंतर आया है और दाम में तेजी दिखने लगी है। यहाँ चेन्नई में टमाटर का सबसे अधिक 160 रुपये किलो का दाम चेन्नई में है। यहां की कोयमबेडु, मंडावेली व नंदनम के रिटेल मार्केट में दाम इस ऊंचाई पर पहुंचा था। हालांकि यह टमाटर उत्पादक क्षेत्र नहीं है।
देश में टमाटर की सबसे ज्यादा पैदावार आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में होती है। आंध्र प्रदेश में 58 हजार हेक्टेयर जमीन पर करीब 27 लाख मीट्रिक टन टमाटर की पैदा होता है। आंध्र प्रदेश में इसका सबसे ज्यादा उत्पादन चित्तूर और अनंतपुर जिलों में होता है। दुर्भाग्य से चित्तूर और अनंतपुर जिले ही बाढ़ और बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित चल रहे हैं।
चित्तूर (आंध्र प्रदेश) का मदनपल्ले टमाटर का सबसे बड़ा बाजार है। केंद्र सरकार की ऑनलाइन मंडी ई-नाम के मुताबिक यहां टमाटर का न्यूनतम रेट 1,600 एवं अधिकतम 9,500 रुपये क्विंटल है। महाराष्ट्र के सोलापुर में टमाटर का बड़ा मार्केट है। इसके अलावा पुणे भी इसका अहम क्षेत्र है. जहां किसानों को 40-50 रुपये प्रति किलो का रेट मिल रहा है।
चित्तूर जिले के गुर्रम कोंडा में 22 नवंबर को टमाटर का अधिकतम दाम 10,800 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। यानी यहां थोक दाम ही 108 रुपये प्रति किलो है। हालांकि ओडिशा के सुंदरगढ़ स्थित बोनाई में 2000 रुपये ही अधिकतम रेट है। जबकि हिमाचल के कांगड़ा और चंबा में 7,000 रुपये प्रति क्विंटल का रेट है। जबकि दिल्ली की आजादपुर मंडी में टमाटर का न्यूनतम दाम 24 एवं अधिकतम 72 रुपये प्रति किलो तक है।
इधर उत्तर भारत में भी टमाटर कई जगहों पर 100 रूपये किलो से अधिक बिक रहा है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







